मिर्जापुर प्रयागराज हाइवे से घने कोहरे के बीव गुजरता वाहन, संवाद
- फोटो : samvad
चार घंटे विलंब से चलीं लंबी दूरी की ट्रेनें, नौ बजे के बाद कोहरा छंटने पर मिली राहत
मिर्जापुर। दीपावली के दूसरे दिन सोमवार सुबह घने कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी। दृश्यता घटकर महज 15 मीटर रह गई। सड़कों पर वाहन चालक हेडलाइट और हॉर्न के सहारे धीमी गति से गुजरते नजर आए। कोहरे से रेल परिचालन भी प्रभावित रहा। लंबी दूरी की कई ट्रेनें निर्धारित समय से तीन से चार घंटे विलंब से पहुंची। इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। सुबह आठ बजे के बाद कोहरा छंटने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 28.9 और न्यूनतम 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहा। विंध्याचल के अटल चौराहे सहित प्रमुख मार्गों पर सुबह घना कोहरा छाया रहा। मिर्जापुर-औराई, मिर्जापुर-वाराणसी, वाराणसी-रीवा और मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर वाहन चालकों को परेशानी हुई। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की देरी से श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों को भी इंतजार करना पड़ा। ग्रामीण मौसम सेवा भू-भौतिकी विभाग बीएचयू वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक शिवमंगल सिंह ने बताया दीपावली पर पटाखों की आतिशबाजी से वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़ कर 186 से 190 पहुंच गया। जो बहुत ही खराब है।
एक्यूआई 50 तक होना हवा की गुणवत्ता अच्छा माना जाता है। 180 के ऊपर की स्थिति खराब होती है। मौसम वैज्ञानिक ने कहा आने वाले दिनों में धीरे-धीरे तापमान गिरेगा जिसके फलस्वरूप ठंड में इजाफा होगा।