मिर्जापुर। जिले में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के मड़िहान विधानसभा क्षेत्र का वर्चुअल सम्मेलन हुआ। मुख्य वक्ता भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पीएम ने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 20 लाख करोड़ रुपये का पैकेज देकर देश को उबारा है।
मुख्य वक्ता गोविंद नारायण शुक्ल ने वर्चुअल सम्मेलन में कोरोना के बारे में कहा कि यह देश में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में फैल चुका है। प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर कोरोना वायरस के संकट काल में भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं ने देश के जनता की सेवा 18 लाख भोजन पैकेट देकर की। पीएम ने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 20 लाख करोड़ रुपये का पैकेज देकर विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत अनेक पैकेज दिए। 25 लाख किसानों का नया किसान क्रेडिट कार्ड बनाया गया। प्रदेश महामंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 के पहले जब कांग्रेस की सरकार थी, तब साल में 6-9 गैस सिलिंडर मिलते थे। पर अब ऐसा नहीं है। मनरेगा योजना अंतर्गत कोरोना वायरस संकट में 40 हजार करोड़ अतिरिक्त पैकेज दिया गया।वहीं प्रदेश सरकार की अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं को बताते हुए कहा कि महामारी में 35 लाख प्रवासी मजदूर बाहर से आए। सभी प्रवासी मजदूरों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। प्रत्येक प्रवासी मजदूरों के खाते में एक-एक हजार रुपये भेज गए हैं।
वर्चुअल सम्मेलन में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने मुख्य वक्ता और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने अध्यक्षता करते हुए मुख्य वक्ता एव राज्यमंत्री व मड़िहान विधायक तथा कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए अध्यक्षीय भाषण दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष गंगासागर दूबे, पूर्व जिलाध्यक्ष लालबहादुर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष उत्तर मौर्य, जिला महामंत्री हरिशंकर पटेल वर्चुअल सम्मेलन के जिला संयोजक व जिला महामंत्री रवि शंकर पांडेय तथा विधानसभा वर्चुअल सम्मेलन का संचालन जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने किया। उक्त जानकारी जिले के मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश ने दी है।