मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश सरकार के अब तक के सबसे बड़े बजट में मिर्जापुर पर धन वर्षा हुई। बजट में विंध्य क्षेत्र के तीनों प्रमुख मंदिरों के विकास के लिए 200 करोड़ तो विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए 50 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इससे अष्टभुजा और कालीखोह में दो नए कारिडोर बनाए जाएंगे। वहीं विंध्य कारिडोर में सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे मिर्जापुर आध्यात्मिक और धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। वहीं, क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
विंध्य काॅरिडोर में परिक्रमा पथ सहित कई अन्य कार्य हो चुके हैं। इसके अलावा यात्री सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसी प्रकार मां अष्टभुजा मंदिर काॅरिडोर के लिए 51.88 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था। इसमें जमीन खरीदने के साथ पांच तल के भवन का निर्माण और यात्री सुविधाओं के विकास कार्य शामिल हैं। इसी प्रकार काली खोह में भी कारिडोर बनाने के लिए 50.48 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया था। इसमें विभिन्न सुविधाओंं वाले भवन, पार्किंग, फूड प्लाजा आदि के निर्माण का प्रस्ताव है। विंध्याचल के त्रिकोण के अंतर्गत भी वाहन पार्किंग, फूड प्लाजा, टायलेज आदि का निर्माण होना है। बजट में जमीन क्रय करने के लिए 100 करोड़ और तीनों कॉरिडोर के विकास के लिए सरकार ने 100 करोड़ की व्यवस्था की है।
इनसेट
त्रिकोण में होंगे ये विकास कार्य -
त्रिकोण परिक्रमा पथ में स्थित प्रमुख मंदिरों का जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण कराया जाएगा। वहीं, मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर को भी भव्य बनाया जाना है। मंदिर आने वाले रास्तों का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्री शेड, पेयजल, पार्किंग, टॉयलेट इत्यादि का निर्माण कराया जाएगा।
इनसेट
इन मंदिरों का भी होगा विकास
त्रिकोण परिक्रमा पथ के मां विंध्यवासिनी, मां अष्टभुजा, मां कालीखोह के अलावा अन्य मंदिरों का सुंदरीकरण कराया जाएगा। इनमें प्राचीन तारा देवी, रामेश्वर महादेव, लालभैरव, दूध नाथ महादेव मंदिर शामिल है। इसके पहले विंध्यवासिनी मंदिर के पास स्थित बटुक भैरव, लालभैरव, नागकुंड, राधाकृष्ण मंदिर और दुग्धेश्वर महादेव मंदिर का सर्वे हो चुका है।
इनसेट
भजन, ध्यान के लिए बनेगा अलग स्थल
विंध्याचल क्षेत्र के दो भजन स्थल बनाए जाने का प्रस्ताव है। यहां पर भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। वहीं, तीर्थ यात्रियों के लिए सुविधा केंद्र के साथ पार्किंग और विशेष स्थलों का निर्माण कराया जाएगा।
इनसेट -
विंध्य एक्सप्रेस-वे से आवागमन में होगी सहूलियत
प्रदेश सरकार के बजट में गंगा एक्सप्रेस-वे को प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी चंदौली होते हुए सोनभद्र से जोड़ने के लिए विंध्य एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए बजट में 50 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। मिर्जापुर के विंध्याचल समेत कई प्रमुख हिस्सों से यह एक्सप्रेस-वे गुजरेगा। इससे लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी और जिले के पिछड़े इलाकों का विकास भी होगा।
कोट्स -
- मां कालीखोह और मां अष्टभुजा कारिडोर के निर्माण के साथ विंध्य कॉरिडोर में जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। महाकुंभ के दौरान डेढ़ करोड़ दर्शनार्थियों का विंध्याचल में आवागमन होने से अर्थव्यवस्था को गति मिली है। भविष्य में इसमें और वृद्धि होगी, जिससे जिले में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। - प्रियंका निरंजन, डीएम