राजगढ़ विकासखंड के धनसिरिया गांव में पानी टंकी के निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कार्य रोक दिया। आरोप है कि निर्माण कार्य रोके जाने से नाराज ग्राम प्रधान पक्ष के कुछ लोग ग्रामीणों के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करने लगे।
ग्रामीणों ने प्रधान और उनके समर्थकों के खिलाफ राजगढ़ पुलिस चौकी में तहरीर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि लोगों को शुद्ध पेय जल मुहैया कराने के लिए सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में लाखों रुपये का बजट दिया जाता है। परंतु मानकों को ताक पर रखकर ग्राम पंचायतों में कार्य कराया जाता है। आरोप है कि धनसिरिया में पानी टंकी का निर्माण कराया जा रहा है, उसमें घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग कर मानकों के विपरीत कार्य कराए जा रहे हैं। नाराज ग्रामीणों ने टंकी निर्माण कार्य को बंद करा दिया। काम बंद होने से नाराज ग्राम प्रधान ने फिर से मजदूर व राजगीर मिस्त्री को काम करने के लिए मौके पर भेजा। इससे ग्रामीणों व मजदूरों के बीच विबाद होने लगा। ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर तहरीर देकर ग्राम प्रधान और उनके समर्थकों पर कार्रवाई की मांग की है।