ड्रमंडगंज। हलिया विकास खंड क्षेत्र के आदिवासी बहुल गांव लहुरियादह के नागरिकों ने प्राथमिक विद्यालय लहुरियादह को उच्चीकृत करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत जिलाधिकारी व प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा को इस आशय का पत्र भेजा है।
ग्रामीण का कहना है कि करीब डेढ़ हजार की जनसंख्या वाले लहुरियादह गांव के बच्चों के लिए कक्षा पांच के बाद शिक्षा के लिए स्कूल नहीं है। गांव में लगभग बीस वर्ष पूर्व प्राथमिक विद्यालय की स्थापना की गई थी। छात्र-छात्राओं को छठवीं की पढ़ाई लिखाई करने के लिए घाटी के नीचे करीब सात किलोमीटर दूर ड्रमंडगंज बाजार की ओर जाना पड़ता है। ज्यादातर बच्चे कक्षा पांच तक की शिक्षा ग्रहण करने के बाद घर का कामकाज करने को विवश हो जाते हैं। मांग करने वालों में अधिवक्ता नरेन्द्र नारायण गुप्ता सहित लछिमन, मीरा, रामजस, राधा, राकेश कुमार, दीपक कुमार, संजय, निशा आदि शामिल रहे।