विजयपुर को जल्द ही टाउन एरिया बनाया जाएगा। इस पर विचार चल रहा है। यह बात स्थित छानबे ब्लॉक मुख्यालय में शनिवार को बेसिक शिक्षा एवं बाल पुष्टाहार राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया ने चौपाल के दौरान कही। चौपाल में लोगों की समस्याएं को सुनी गई। राज्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी जनता की समस्याओं को गंभीरता से लें और तत्काल उसका निस्तारण करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही की शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
.
राज्यमंत्री ने कहा कि चौपाल में आई शिकायत का समाधान अधिकारी करें। शिकायत करने वाले को निस्तारण के बाद इसकी जानकारी दी जाएगी। कहा कि विजयपुर के आसपास के कुछ गांव को जोड़कर टाउन एरिया बनाने का विचार है, लेकिन अभी सहमति नहीं मिली है। विजयपुर में और टंकी बनवाकर घर-घर पानी की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं की भी चर्चा की। कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रदेश को उत्तम प्रदेश बना रहे है।
चौपाल के दौरान आवास, हैंडपंप, पेंशन, बिजली की समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मतदाता सूची में नाम बढ़वाने की भी अपील की गई। समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र यादव, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता यदूनाथ, पीडी हरिचरण सिंह ने अपने-अपने विभाग के योजना की जानकारी जनता को दी। चौपाल में बीडीओ नीरज दुबे, बीएसए मनभरनराम राजभर, चिकित्सा प्रभारी मुकेश यादव, एडीओ पंचायत रमेश चंद उपाध्याय, शरद चंद दुबे, आलोक ओझा, अरविंद श्रीवास्तव मौजूद रहे। संचालन शिवसेवक पांडेय ने किया।