कोटेदार गांवों में राशन का समय वितरण नहीं कर रहे हैं। इससे लोगों में नाराजगी है। कार्डधारकों को अनाज का वितरण न होने से नाराज माधोपुर गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिला पूर्ति कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि कोटेदार मनमानी कर रहे हैं। अनाज वितरण की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। गरीबों का निवाला किसी को खाने नहीं दिया जाएगा।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत चयनित पात्र लाभार्थियों और अंत्योदय कार्डधारकों को कोटेदारों द्वारा अनाज का वितरण न होने से परेशान माधोपुर के कार्डधारकों ने कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। रामबाबू ने कहा कि कोटेदार द्वारा कार्डधारकों को अनाज का वितरण नहीं किया जा रहा है। इसके पूर्व में भी अनाज वितरण नहीं करने पर डीएसओ उसे निलंबित कर चुके हैं। इसके बावजूद कोटेदार का रवैया नहीं बदला है। अनाज वितरण में अनियमितता बरती जा रही है।
अनाज में घटतौली भी की जाती है और मनमाने तरीके से उसका वितरण किया जाता है। ग्रामीण शिव प्रसाद, दुलार, लक्ष्मीना, जगरानी, गुलाब, संजय कुमार, गीता, रामू, लालमनी, तिलकधारी, लक्ष्मन आदि ने जिला प्रशासन और डीएसओ का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मामले की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले में समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें मजबूरन उग्र आंदोलन करना होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। अधिकारियोंने समस्या का समाधान करने का आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त कराया।