कांवड़ यात्रा की तैयारियों के लिए कमिश्नर और पुलिस उप महानिरीक्षक ने किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। कांवड़ यात्रा की तैयारियों के लिए शनिवार को मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम ने निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान भरूहना स्थित जीडी बिनानी कॉलेज के पास सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे को देखकर मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी जताई।
कहा कि शनिवार को ही कार्य पूरा करते हुए सड़क और पटरी को गड्ढामुक्त बनाएं। यदि कार्य में देरी हो तो गड्ढे के किनारे मजबूत बैरिकेडिंग लगाई जाए। बरियाघाट नगर से लेकर घोरावल के शिवद्वार मंदिर तक जाने वाले मार्गों पर कांवड़ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए गड्ढों की मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश और चिकित्सा व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को नगर क्षेत्र में और जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों के कांवड़ मार्गों पर नियमित सफाई तथा कीटनाशक दवाओं के छिड़काव के निर्देश दिए। बिजली निगम को मार्गों पर स्थित खंभों पर आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने को कहा। मार्गों पर पेयजल, शौचालय और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था के साथ ही विश्राम स्थल भी बनाए जाएं। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अशोक कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मिर्जापुर गोवा लाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।