मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू होंगी। इसके लिए जिले में 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में 72784 विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं, परीक्षा केंद्रों पर 3572 कक्ष निरीक्षक निगरानी करेंगे। इसके लिए माध्यमिक विद्यालयों के 1969 और परिषदीय के 1603 शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।
जिले में यूपी बोर्ड के सभी विषयों की प्रायोगिक परीक्षाएं हो चुकी हैं। अब लिखित परीक्षा की तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं। कक्ष निरीक्षक के रूप में माध्यमिक विद्यालयों के 1969 और परिषदीय विद्यालयों के 1603 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। पूरे जिले को आठ जोन और 16 सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्र के आसपास की सभी साइबर कैफे और फोटो स्टेशन की दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक मायाराम ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्नपत्र आ चुके हैं। ज्यादातर उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जा चुका है। प्रश्नपत्रों का वितरण कड़ी सुरक्षा मेंं निर्धारित समय पर किया जाएगा।