मिर्जापुर। अनलॉक-1 में सोमवार को नगर समेत नगर पंचायत स्थित बाजारों में काफी भीड़भाड़ रही। खुली दुकानों और बढ़ी चहल-पहल से सड़कें दिन भर इस कदर गुलजार रही मानों कभी लॉकडाउन रहा ही नहीं। शासन के नए गाइड लाइन के मुताबिक नगर समेत ग्राम्यांचलों में स्थित सैलून, नाई की दुकान समेत ब्यूटिशियन के प्रतिष्ठान भी खुले रहे। अनलाक- 1 के पहले दिन सोमवार को सभी सरकारी कार्यालयों में काफी चहल पहल रही। कलेक्ट्रेट सहित विकास भवन, खाद्य विभाग, कृषि विभाग व अन्य सभी विभागों में काफी चहल पहल रही। पहले से अधिक संख्या में कर्मचारी कार्यालयों में नजर आए।
सोशल डिस्टेंसिंग तो दूर की बात अधिकांश दुकानों पर बगैर मास्क के भी दुकानदार समेत ग्राहक नजर आए। नगर के वासलीगंज, महुवरिया, घंटाघर, बसनई बाजार, त्रिमुहानी, गिरधर का चौराहा, तेलियागंज, मुकेरी बाजार, संगमोहाल, स्टेशन रोड, रमईपट्टी, सिविल लाइन समेत अन्य बाजारों में निर्धारित दिन से इतर दुकानें खुली रहीं। हालांकि प्रशासन की तंत्रा भंग होने की भनक लगते ही ऐसे दुकानदार शटर गिरा कर अंदर हो गए। वाहनों की आवाजाही से कई स्थानों पर पहले जैसा जाम रहा। जिगना, स्थानीय थाना क्षेत्र के जिगना, बिहसड़ा, हरगढ़, नराईया बाजार समेत विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा व विजयपुर में जैसे लॉकडाउन समाप्त हो गया है। दिनभर सड़कें व बाजार गुलजार रहे। सड़कों पर मनमाने ढंग से वाहनो की आवाजाही बनी रही। ड्रमंडगंज, चौथे चरण के लॉकडाउन समाप्ति के बाद सोमवार को अनलाक-1 के पहले दिन सड़कों पर लॉकडाउन की तरह ही सवारी वाहनों का टोटा बना रहा। अटकलों के बीच रीवां- मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ड्रमंडगंज तथा बेलन बरौधा सहित अन्य ग्रामीण संपर्क मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा। दिनभर वाहन स्टैंडों पर न तो सवारी दिखीं और न हीं कोई सवारी गाड़ी। बाजार में दूकानें खुली रहीं जहां गिनेचुने ही ग्राहकों की उपस्थिति दिखी। हलिया, दुकानें खुली रहीं। सड़कों और बाजारों में भीड़-भाड़ बना रहा। क्षेत्र में मनमाने ढंग से वाहनो की आवाजाही लगी रही। चट्टी और चौराहों पर पान चाय की दुकानें खुली रहीं। कछवां, क्षेत्र में सुबह 10:00 बजे से शाम को 5:00 बजे तक दुकान खुल सकते हैं। उसमें भी कैटेगरी बनी हुई है इसके बावजूद सभी दुकानें खुली नजर आईं। यातायात से छूट दी गई। यातायात कुछ इस कदर रहा जैसे कभी लॉकडाउन रहा ही नहीं। जमुआ चौराहे पर तो फलों की दुकानें 5:00 बजे के बाद भी खुली नजर आईं। कुछ व्यापारी शाम 5:00 बजे के बाद भी दुकान को खोलकर सोशल डिस्टेंसिंग व शासन प्रशासन के निर्देश की धज्जियां उड़ाते दिखे। जमुई, पांचवें चरण के लॉकडाउन में पान बीड़ी गुटका समेत सभी दुकानें सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक खुली रहीं।
सैलून, नाई की दुकान व ब्यूटिशियन के दुकानों के प्रति शासन ने दिखाई नरमी
मिर्जापुर। गृह मंत्रालय भारत सरकार के गाइड लाइन तथा मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जिले में जिले में अनलॉक-1 को देखते हुए जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल की तरफ से रविवार की देर शाम नए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी के मुताबिक सोमवार को कई दुकानें सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक खोली गईं। जिसमें सैलून, नाई की दुकान व ब्यूटिशियन के दुकान भी शामिल हैं। जिले में सोमवार को फूड विभाग की लाइसेंसी मिष्ठान भंडार, सब्जी, फल, दूध, किराना स्टोर, चश्मा, बेकरी, सैलून, नाई की दुकान, ब्यूटी पार्लर, आइस्क्रीम की दुकानें सप्ताह भर की दुकानें सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक खुली रही। इसके अलावा प्रिंटिंग प्रेस, बुक स्टेशनरी, मोहर, टेलरिंग, साइकिल की दुकान, लोहे की दुकान, शस्त्र की दुकान खुली रहीं। इसके अलावा ऑटो मोबाइल व गैरेज की दुकानें सुबह 10 बजे से शाम सात बजे तक खुली रहीं।
जिला प्रशासन ने अनलाक- 1 के तहत जारी किया दिशा निर्देश
मिर्जापुर। लाकडाउन 4.0 के बाद सोमवार से अनलाक-1 शुरू कर दिया गया है। इसके तहत नागरिकों व दुुकानदारों को कुछ राहत दी गई। जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने कहा कि फिलहाल लाकडाउन लागू है लेकिन इसमें शासन के निर्देश पर कुछ रियायतें दी गई हैं।
नए दिशा निर्देशों के मुताबिक अब शाम सात बजे तक दुकानें खुली रह सकती हैं। मेडिकल स्टोर्स के लिए कोई बंधन नहीं है। इसी प्रकार ट्रेन व बस सेवा की शुरूआत को देखते हुए आटो व ई- रिक्शा संचालन को मंजूरी दी गई है ताकि यात्री आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। निजी बस सेवा संचालित नहीं होगा। रोडवेज की बसें उतनी ही सवारी ले जाएंगी, जितनी बस में सीटें होंगी। स्टैंडिंग में कोई सवारी नहीं जाएगी। इसी प्रकार खाद्य विभाग की लाइसेंसी मिठाई की दुकान, बेकरी, सब्जी, किराना स्टोर व अन्य इसी प्रकार की दुकानें पूरे सप्ताह सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक खुलेंगी। इसी प्रकार अन्य दुकानों को भी समय सारिणी के अनुसार ही खोलने की इजाजत दी गई है। रेस्टोरेंट खुलेंगे लेकिन केवल होम डिलेवरी ही होगी। सैलून व ब्यूटी पार्लर सोशल डिस्टेंसिंग व प्रवेश पर सैनिटाइजेशन की व्यवस्था के तहत खुलेंगे। सभी जगहों पर फेश मास्क, गमछा अथवा रूमाल का प्रयोग अनिवार्य होगा। मुंह और नाक पूरी तरह से ढंका होना चाहिए। दुकानदारों से कहा गया है कि वे अपने प्रतिष्ठान के सामने एक- एक मीटर की दूरी पर गोले बनाकर सोशल डिस्टेंसिंग की व्यवस्था करें। इसके साथ ही डीएम ने कहा है कि रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक रात्रि निषेधाज्ञा लागू रहेगी। सभी कार्मिकों को आरोग्य सेतु डाउनलोड करना अनिवार्य है।