ड्रमंडगंज। थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव के पास रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को दोपहर में सड़क पार करते समय एक हाईवा की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। हाईवा चालक गाड़ी खड़ी कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाईवा को कब्जे में ले लिया।
महेशपुर गांव निवासी शाह मोहम्मद की 14 वर्षीय पुत्री साजरीन के नाना अमीर शाह का घर सड़क की दूसरी ओर है। सोमवार को दोपहर में फोर लेन सड़क को पार कर साजरीन अपने नाना के घर जा रही थी। सड़क पार करते समय ड्रमंडगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने किशोरी को टक्कर मार दिया। इससे गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन किशोरी को अस्पताल ले जाते, तब तक उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुटते देख हाईवा चालक कुछ दूर आगे सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किशोरी के पिता शाह मोहम्मद मूल रूप से भदोही जिले के गोपीगंज के निवासी हैं। करीब 20 वर्षों से अपनी ससुराल महेशपुर में जमीन लेकर यहीं बस गए हैं। किशोरी पांच बहनों और तीन भाइयों में सबसे छोटी थी। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि किशोरी को टक्कर मारने वाली हाईवा को कब्जे में ले लिया गया है। हाईवा चालक की तलाश की जा रही है।