Mirzapur Accident: मिर्जापुर जिले में दो अलग-अलग हादसे हुए। दोनों हादसों में जहां दो युवकों की मौत हुई है, वहीं एक किशोर गंभीर रुप से घायल हो गया है। निखिल यादव देहात कोतवाली क्षेत्र के सिरसी गहरवार गोपलापुर का रहने वाला है और बालकृष्ण विंध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर गाजीपुर मजरा का निवासी है।
मिर्जापुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बीती रात को बारात में शामिल होने जा रहे किशोर समेत दो लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। कटरा कोतवाली क्षेत्र के नटवा बसही के पास रात करीब साढ़े 10 बजे डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं, देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा खुर्द गांव के पास बाइक के टक्कर से साइकिल सवार किशोर की मौत हो गई और दूसरा किशोर घायल हो गया। मौत से दोनों मृतकों के परिवार में कोहराम मचा है।
विज्ञापन
देहात कोतवाली क्षेत्र के सिरसी गहरवार गोपलापुर मजरा निवासी निखिल यादव (14) पुत्र राजकुमार, विकास यादव (17) के साथ कोटवा स्थित अपने मामा मुरली यादव के घर शादी में शामिल होने जा रहा था। वह देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा खुर्द गांव के पास पहुंचा ही था कि एक बाइक ने उसे टक्कर मार दिया। हादसे में साइकिल सवार निखिल और विकास गंभीर रुप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर मिर्जापुर लेकर गए। यहां निखिल को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल विकास को रेफर कर दिया गया। निखिल की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। निखिल गांव के एमएएम पब्लिक स्कूल में कक्षा सात का छात्र था। वह दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था। पुलिस ने टक्कर मारने वाले बाइक सवार को पकड़ लिया। देहात कोतवाल राणा प्रताप यादव ने बताया कि बाइक के टक्कर से साइकिल सवार किशोर की मौत हो गई। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
विज्ञापन
विंध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर गाजीपुर मजरा निवासी बालकृष्ण (20) पुत्र रामकृष्ण बीत रात करीब साढ़े 10 बजे अपने मित्र की शादी में शामिल होने को घर से बाइक लेकर विसुंदरपुर जाने के लिए निकला था। वह कटरा कोतवाली क्षेत्र के नटवा बसही के पास पहुंचा ही था कि डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाने के बाद परिजनों को सूचना दी। अस्पताल में डाक्टर ने घायल बालकृष्ण को मृत घोषित कर दिया। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक श्रीधी यादव डिग्री कालेज मेजा में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। तीन भाईयों में बड़ा था। कटरा कोतवाल अजय सेठ ने बताया कि डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई।