मिर्जापुर। प्रदेश सरकार की टैबलेट व स्मार्ट फोन वितरण योजना के तहत आठ जनवरी को मुसफ्फरगंज स्थित केबी कालेज में टैबलेट व स्मार्ट फोन का वितरण किया जाएगा। इसमें नगर के तीन महाविद्यालय व दो पालीटेक्निक संस्थान के विद्यार्थी शामिल होेंगे। बताया जा रहा है कि परास्नातक कक्षाओं के छात्रों व तकनीकी कक्षाओं के छात्र- छात्राओं को टैबलेट व यूजी के विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन का वितरण किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के तहत दो हजार विद्यार्थियों में टैबलेट व स्मार्ट फोन का वितरण किया जाना है। इसमें केबी कालेज के एमए तृतीय सेमेस्टर के तीन सौ 97 विद्यार्थी व बीएससी तृतीय वर्ष के तीन सौ 59 विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलेगा। केबी कालेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इसी प्रकार जीडी बिनानी पीजी कालेज के एमकाम तृतीय सेमेस्टर के 80 व बीकाम तृतीय वर्ष के 305 छात्रों को यह लाभ मिलेगा। केएमपीजी कालेज की छात्राओं को भी लाभ मिलेग। प्राचार्य नीलम कुमारी ने बताया कि एमए तृतीय सेमेस्टर की 54 व बीए तृतीय वर्ष की 268 छात्राओं का नाम सूची में है। इसी प्रकार राजकीय पालीटेक्निक के अंतिम वर्ष के चयनित 134 व राजकीय पालीटेक्निक राजगढ़ के 154 छात्र- छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा। केबी कालेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम के चलते सात व आठ जनवरी को शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा।