मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन रोड पर स्थित जिला कारागार परिसर में बने डिप्टी जेलर के आवास से नकदी, गहना और कपड़े चोरी करने वाले दो चोरों को पुलिस ने रेलवे स्टेशन पानी की टंकी के पास से गिरफ्तार किया।
मामले का खुलासा एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बुधवार को पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता के दौरान किया। आठ अप्रैल को डिप्टी जेलर (उप कारापाल) सुभाष चंद्र यादव के आवास का दिन में ही ताला तोड़कर 80 हजार नकदी, घड़ी, चांदी का सिक्का सहित बैग और कपड़े चोरी हो गए। जानकारी होने पर डिप्टी जेलर ने कटरा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन पानी की टंकी के पास से रिंकू हेला पुत्र किशन लाल निवासी तरकापुर कोतवाली शहर और फिरोज खान पुत्र करीब खान निवासी रामबाग को गिरफ्तार किया। उनके पास से चांदी का सिक्का, 27340 रुपये, दो कलाई घड़ी, पिट्ठू बैग आदि बरामद किया। एएसपी सिटी ने बताया कि रिंकू हेला पेशेवर चोर है। इससे पहले भी कई बार चोरी कर चुका है। वह जेल में था तो डिप्टी जेलर से परिचय था। जेल से छूटने पर वह उनके घर पर काम मांगने गया था। कभी-कभी उनके घर काम करने जाता था। इस बीच उसने चोरी की योजना बनाई और फिरोज के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।