कटरा कोतवाली क्षेत्र के संग मोहाल ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। दूूसरी घटना विंध्याचल थाना क्षेत्र के महरौड़ा रेलवे लाइन के पास की है। वहां बृहस्पतिवार को दोपहर बाद ट्रेन की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के जिगनौड़ी गांव निवासी राकेश बिंद (35) शुक्रवार को सुबह कटरा कोतवाली क्षेत्र के संगमोहाल ओवरब्रिज के पास ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि बृहस्पतिवार को राकेश बहन के घर जाने के लिए निकला था। तब से लापता था। परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताई। कटरा थाने के कोतवाल नवीन तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। दूसरी घटना विंध्याचल थाना क्षेत्र के महरौड़ा गांव में बीते बृहस्पतिवार को दोपहर बाद की है। महरौड़ा गांव निवासी तन्नू कुशवाहा (22) बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह बृहस्पतिवार को दोपहर में भोजन लेकर अपने पिता को देने के लिए पाही पर जा रही थी। रास्ते में रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।