मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के चील्ह गोपीगंज मार्ग पर श्रीपट्टी गांव के पास गुरुवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दोनों बाइक पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस स्थानीय लोगों की सहायता से एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह पहुंचाई। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने दो लोगों को ट्रामा सेंटर मिर्जापुर के लिए रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
यह है पूरा मामला
भदोही जिले के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के देवनाथपुर निवासी शहजाद अली (30) पुत्र जलालुद्दीन, शादाब अली (25) पुत्र जलालुद्दीन व सोनू अली (22) गोपीगंज की तरफ से मिर्जापुर की तरफ जा रहे थे। मिर्जापुर की तरफ से तिलठी गांव आकाश यादव (18) पुत्र गुड्डू यादव अपने घर तिलठी की तरफ जा रहा था।
जैसे ही श्रीपट्टी गांव के पास पहुंचे थे कि दोनों बाइक सवारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें दोनों बाइक पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख दो लोगों को मंडलीय अस्पताल मिर्जापुर के लिए रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान शहजाद अली व आकाश यादव की मौत हो गई।
मौत की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शादाब अली व सोनू अली की स्थिति ठीक है। थानाध्यक्ष रीता यादव ने बताया कि दो बाइक की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।