मिर्जापुर। बीएलजे इंटर काॅलेज में चित्रकला की उत्तर पुस्तिकाएं जांचने के लिए दो और परीक्षकों को शुक्रवार को भेजा गया है। अमर उजाला में 28 मार्च को, 1100 उत्तर पुस्तिकाओं के लिए एक परीक्षक, शीर्षक से प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग ने यह कदम उठाया है। शुक्रवार को यूपी बोर्ड की इंटर की परीक्षा की कुल 3106 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।
इस समय यूपी बोर्ड परीक्षा की अधिकांश उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन समाप्त हो चुका है। अब केवल बीएलजे इंटर काॅलेज व राजकीय इंटर काॅलेज में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो रहा है। शुक्रवार को बीएलजे में 1669 व राजकीय इंटर काॅलेज में 1437 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। शुक्रवार को कुल 3106 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। दोनों केंद्रों में अभी कुछ और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बाकी है। बीएलजे इंटर काॅलेज की उप नियंत्रक रखशाना नेहाल ने बताया कि चित्रकला के दो और परीक्षक आ गए हैं। अब मूल्यांकन जल्द पूरा हो सकेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक मायाराम ने बताया कि मूल्यांकन लगभग पूरा हो चला है। अवार्ड ब्लैंक दो बार भेजे जा चुके हैं। अब पावना भी भरवाया जाएगा।
-
परिषदीय विद्यालयों की पूरी हुई परीक्षा
मिर्जापुर। परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा शुक्रवार को पूरी हो गई। अंतिम दिन कक्षा पांच तक की मौखिक व छह, सात व आठ कक्षा की बेसिक कला, क्राफ्ट व स्काउट की परीक्षा हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 मार्च को बच्चों की कक्षोन्नति करना है और अप्रैल के प्रथम सप्ताह तक प्रगति पत्र का वितरण करना है। बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्य होगा। संवाद