मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए लगी भक्तों की कतारें। -संवाद।
- फोटो : katra news
विंध्याचल। शारदीय नवरात्र की पूर्णिमा पर रविवार को मां विंध्यवासिनी के दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भोर में मंगला आरती से पहले ही मंदिर की गलियां भक्तों से भर गईं। श्री विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने बताया कि पूर्णिमा तिथि पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किए। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां के भव्य शृंगार के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
दर्शन से पहले श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर स्नान-ध्यान किया। नारियल, चुनरी और प्रसाद लेकर भक्त कतारों में खड़े रहे। मंदिर परिसर में हवन कुंड और गुंबद की परिक्रमा के लिए भी भीड़ लगी रही। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अष्टभुजा और कालीखोह मंदिर में भी मत्था टेका। देवी मंदिरों की फूलों से की गई सजावट आकर्षण का केंद्र रही। भीड़ को देखते हुए मंदिर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। पुलिस और पीएसी के जवान मुस्तैद रहे।