अदलहाट। थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को दोपहर बाद तीन बजे बरबकपुर गांव के पास वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रही कार में पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराते हुए सड़क के किनारे खेत में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। चालक सहित अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया है।
चंदौली के मुगलसराय थाना क्षेत्र के चौरहट कटेसर गांव निवासी शाहिद जमाल (25) पुत्र सिराजुद्दीन व मोहम्मद नाजिम (25) वर्ष पुत्र मो. यासीन, जाबिर (25) जाहिर उर्फ छोटू (23) व सुहैल (20) निवासी चौरहट कटेसर थाना मुगलसराय चंदौली कार से अपने घर सोनभद्र जा रहे थे। अदलहाट थाना क्षेत्र के बरबकपुर गांव के पास पहुंची कार में पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित होकर कार सड़क के किनारे पुलिया से टकराते हुए खेत में जा गिरी। कार सवार शाहिद जमाल व मोहम्मद नाजिम को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची अदलहाट पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीन अन्य घायल जाबिर, जाहिर और सुहैल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।