हलिया-थानांतर्गत ड्रमंडगंज संतोषी माता मंदिर के पास स्थित फोरलेन ओवर ब्रिज पर रविवार को दोपहर में कार और बाइक के बीच टक्कर होने से दो पहिया सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को सरकारी एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल ड्रमंडगंज पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गोरैया कला थाना मांडा जिला प्रयागराज निवासी 22 वर्षीय विपिन सिंह पुत्र बालेन्द्र सिंह व महेशपुर थाना हलिया मिर्जापुर निवासी राजेश सिंह पुत्र स्व. रघुराज सिंह बाइक से फोरलेन पर बने ओवरब्रिज की ओर जा रहे थे। उसी दौरान ड्रमंडगंज घाटी की ओर से आ रही एक कार और बाइक के बीच जबरदस्त टक्कर हो गयी। हादसा होने के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। चौकी प्रभारी ड्रमंडगंज रामबहादुर राय ने बताया कि इस हादसे में घायल दोनों युवकों को हास्पिटल भेजने के बाद कार को कब्जे में ले लिया गया है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।