उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों को मान्यता दिलाने में हुई अनियमितता के आरोप में शासन ने जिले के दो खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को निलंबित कर दिया है। साथ ही दो अन्य कर्मचारियों को भी निलंबित किया गया है। बीईओ में प्रेम शंकर राम और महेंद्र मौर्या शामिल हैं।
दोनों पर मिर्जापुर जिले में भरुहना और राजगढ़ के अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्धता दिलाने के लिए अनियमितता करने का आरोप है। शिकायत पाए जाने पर मंडलायुक्त ने इस मामले की जांच कराई थी।
उसके बाद प्राप्त रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए विशेष सचिव ने बीएसए कार्यालय के इन अधिकारियों व कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। एडी बेसिक डॉ. फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि आदेश जारी हो गया है। इन पर कार्रवाई संबंधित अधिकारी करेंगे।