शेरवां। स्थानीय बाजार स्थित इलाहाबाद बैंक की शाखा के सामने सड़क पर जलभराव के चलते बोल्डर लदा ट्रक धंस गया। जिससे रविवार को जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़क के किनारे दोनों तरफ ट्रकों के खडा होने से दो पहिया वाहन को आने जाने में मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
बता दें कि शेरवां अदलहाट चकिया मार्ग पर विक्सी से शेरवां के बीच एक दर्जन से अधिक स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होकर गड्ढे में तब्दील हो गयी है। जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। जबकि मरम्मत का कार्य छह जनवरी को सिद्ध समाज इंटरमीडिएट कालेज नंदपुर शेरवां के गोल्डेन जुबली समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा के संगठन मंत्री सुनील बंसल के आगमन पर सड़क को रातों रात ठीक कर गड्ढा मुक्त दिखाया गया था। सड़क पांच माह भी नहीं चल पाई कि पहली ही बरसात मे कई स्थानों पर टूट कर गड्ढे में तब्दील हो गई। इतना ही नहीं फरवरी माह के अंतिम सप्ताह व मार्च माह में लगे लाकडाउन के दौरान उक्त सड़क से जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने दौरा भी किया था। लेकिन जर्जर सड़क पर किसी का भी ध्यान नहीं गया। नतीजे में बिक्सी, भाईपुर ,रामपुर, लठीया सहजनी, शेरवां गांव के सामने सड़क दुर्घटना का सबब बनी हुई है। क्षेत्र के बचाऊ गिरी, पुनीत कुमार चतुर्वेदी, सुभाष चन्द्र सिंह, संतोष सिंह,दीपू चौबे, सुदर्शन सिंह, ऋषि सिंह,चौधरी रमेश सिंह आदि ने सड़क मरम्मत की मांग जिलाधिकारी से की है।