मिर्जापुर। कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि वह भाजपा के महाघोटाले को उजागर करेगी। पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवकुमार सिंह पटेल ने रविवार को कहा कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर यह अभियान चलाया जाएगा। इस क्रम में 22 जून को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस ज्ञापन में प्रदेश में 69000 शिक्षक भर्ती घोटाले का मामला एवं पशुधन घोटाला मामले के विषय में कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसी प्रकार 25 जून 2020 को एक दिवसीय उपवास का कार्यक्रम सुबह 10 बजे से नार घाट स्थित शहीद पार्क में किया जाएगा। दो जुलाई से 12 जुलाई 2020 तक हर ब्लॉक को इकाई मानकर पंपलेट वितरण का कार्यक्रम लगातार 10 दिन तक किया जाएगा। जिसमें सभी ब्लॉक के कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना है और 14 जुलाई से 19 जुलाई 2020 तक सभी ब्लॉकों की प्रत्येक ग्राम सभा में पोस्टर लगाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का आयोजन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू विधायक के निर्देशन पर किया गया है। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उपरोक्त कार्यक्रमों के सफलतापूर्वक संचालन में अपना महत्वपूर्ण योगदान देना सुनिश्चित करें।