मड़िहान। थाना क्षेत्र के देवरी कला गांव स्थित क्रशर प्लांट पर गिट्टी लोडिंग करने आए ट्रक चालक की केबिन में सोते समय मौत हो गई। शोर सुन पहुंचे लोगों ने लू लगने की आशंका जताई।
कुशीनगर बड़हरा बाबू निवासी फरीद अंसारी (35) पुत्र इमताब अंसारी गोरखपुर निवासी सोनू सिंह की ट्रक चलाता था। खलासी कृष्णा कुशवाहा के साथ मंगलवार को दोपहर में क्रशर प्लांट पर ट्रक पर गिट्टी लोड करने पहुंचा था। ट्रक प्लांट पर खड़ी होने के बाद खलासी तालाब में नहाने चला गया। लौटकर आया तो केबिन में सो रहे चालक को जगाने लगा। शरीर से हरकत नहीं होने पर आसपास से लोगों को बुलाया। आशंका जताई गई कि लू लगने से उसकी मौत हुई होगी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ऑपरेशन अमर बहादुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।