मिर्जापुर। कोलकाता से पिछले 15 दिनों से लापता व्यापारी को पुलिस ने सोमवार को सूचना मिलने के एक घंटे के अंदर बरामद कर लिया। कोलकाता में कोरोना के चलते व्यापार में मंदी के कारण व्यापारी वहां से मिर्जापुर आ गए। उनके पुत्रों ने कोलकाता में गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद मिर्जापुर में होने की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर एएसपी सिटी संजय कुमार के नेतृत्व में सर्विलांस की टीम ने व्यापारी को एक घंटे में बरामद कर लिया।
एएसपी सिटी ने बताया कि मूलत: गोरखपुर के थाना सहजनवा ग्राम लुचुवी निवासी राम प्रवेश जायसवाल कोलकाता में रहकर लोहे का व्यापार करते हैं। कोरोना के कारण व्यापार में मंदी आ गई। इससे वह परेशान हो गए। आठ अगस्त को बिना किसी को बताए घर से निकल गए। ट्रक से मिर्जापुर आ गए। ट्रक मिर्जापुर जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के बीरशाहपुर गांव निवासी ओम प्रकाश दुबे का था। राम प्रवेश मिर्जापुर आने के बाद ट्रक मालिक ओम प्रकाश दुबे के घर रहने लगे। इस बीच व्यापारी के पुत्र सूरज ने कोलकाता के हावड़ा थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज करायी। राम प्रवेश ने ओम प्रकाश के फोन से पुत्र से बात कर पैसा मंगाया था, पर ये नहीं बताया कि वे किसी जिले में है। पुत्र ने कोलकाता पुलिस की मदद से जानकारी की तो पता चला कि नंबर मिर्जापुर से संचालित हो रहा है। सूरज ने मिर्जापुर आकर पुलिस को पिता के लापता होने के बाद मिर्जापुर में होने की जानकारी दी। इसके बाद सर्विलांस टीम के नितिन सिंह, आशुतोष कुमार सिंह और मिथिलेश कुमार यादव ने व्यापारी का पता लगाया। व्यापारी को देहात कोतवाली के बीरशापुर गांव निवासी ओम प्रकाश दुबे के घर से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।