मिर्जापुर। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर प्रदोष काल में मंगलवार को रात बरियाघाट स्थित श्री पंचमुखी महादेव का धूमधाम से तिलक चढ़ाया गया। महादेव को वस्त्र, मौसमी फलों के अलावा चांदी के आभूषण चढ़ाए गए। इससे पूर्व महिलाओं के मंगल गीतों के बीच महादेव को मेंहंदी लगाई। बुधवार को बाबा की बरात निकाली जाएगी।
महादेव के तिलकोत्सव पर महिला संगीत का आयोजन किया गया। इसमें रेखा देवी ने भोलेनाथ के भजनों के साथ ही विवाह गीत पेश किए। पुजारी बिपिन कुमार ने बताया कि महाशिवरात्रि पर महादेव का भव्य बरात निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में नगर के लोग शामिल रहेंगे। बरात बरियाघाट से शुरू होकर नगर के विभिन्न इलाकों से गुजरेगी। मेंहदी रस्म और तिलकोत्सव में सरिता मौर्या, उषा गुप्ता, रिंकी मोदनवाल, राधा देवी, नीलम सोनी, पूजन दुबे, उर्मिला गुप्ता, पिंकी ऊमर, सीमा देवी आदि मौजूद रहीं।