चील्ह। थाना क्षेत्र के चील्ह-गोपीगंज मार्ग पर मवैया गांव स्थित मिश्री लाल इंटर कॉलेज में चार दिन पूर्व तीन लाख से अधिक के सामान की चोरी हुई थी। प्रधानाचार्य ने चोरी की थाने में तहरीर दी, पर पुलिस ने मामले में अब तक चोरी का मुकदमा दर्ज नहीं किया है। न ही चोरी के सामान की बरामदगी हो सकी है। पुलिस मामले में हीलाहवाली कर रही है।
क्षेत्र के मवैया स्थित मिश्रीलाल इंटर कॉलेज में शुक्रवार की रात को घुसे चोरों ने लैब से कंप्यूटर सेट इसमें आठ मानिटर, सात सीपीयू, अन्य पार्ट और गैस सिलिंडर चोर चोरी कर ले गए। सुबह चोरी की जानकारी होने पर स्कूल कर्मचारी हैरान हो गए। सूचना पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह पहुंचे। उन्होंने चील्ह थाने में प्रार्थना पत्र देकर के चोरी की घटना में लगे लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। प्रधानाचार्य ने चौकीदारी में लगे कर्मचारियों के ड्यूटी में होते हुए चोरी की घटना होने पर पुलिस से गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस एक बार विद्यालय का चक्कर काटकर खानापूर्ति कर बैठ गई है। अब तक चोरी की घटना में चील्ह पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। न ही चोरी मामले की जांच की जा रही है।