निर्वाचन आयोग ने जिला निर्वाचन कार्यालय मिर्जापुर को डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भेजी है। इसमें तीन लाख 33 हजार 633 मतदाताओं का नाम दो स्थानों अथवा अधिक स्थानों पर है। विभाग ने जिला निर्वाचन विभाग को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द अभियान चला कर सभी डुप्लीकेट मतदाताओं की जांच करा कर नाम कटवाएं। अभी तक जिले में 6765 डुप्लीकेट मतदाताओं का नाम काटा जा चुका है।
विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। जिसमें मतदाताओं के नाम जोड़ने, काटने और संशोधित किया जा रहा है। निर्वाचन विभाग द्वारा डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची जिले में भेजी गई है, जिसमें जिले के चार विधानसभाओं में लगभग तीन लाख 33 हजार 633 डुप्लीकेट मतदाता मिले हैं, जिनका नाम काटने का निर्देश दिया गया है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप पाल ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन कार्य शुरु कर दिया गया है। बीएलओ द्वारा डोर टू डोर सत्यापन के बाद अभी तक 6765 डुप्लीकेट मतदाताओं का नाम काटा गया है। बीएलओ और पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की संस्तुति पर डुप्लीकेट मतदाताओं का नाम काटा जा रहा है।