राजगढ़। पसही उपकेंद्र से राजगढ़ उपकेंद्र के बीच बंद पड़ी लाइन के तार लगातार चोरी हो रहे हैं। अब तक सौ से ज्यादा खंभों के बीच के तार चोरी हो चुके हैं। एक हफ्ते पहले राजगढ़ बाजार के पास 15 पोल के तार चोरी हुए थे। विद्युत निगम के अधिकारी तार की चोरी रोकने में नाकाम हैं।
सोनभद्र के पसही विद्युत उपकेंद्र से राजगढ़ उपकेंद्र के लिए बिजली आपूर्ति के लिए 33 हजार वोल्टेज की लाइन बनाई गई थी। इससे राजगढ़ उपकेंद्र को बिजली मिलती थी। आठ साल पहले गुरुदेव नगर उपकेंद्र का निर्माण कराया गया था। इसके बाद से राजगढ़ उपकेंद्र को गुरुदेव नगर उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति की जाने लगी। पसही से राजगढ़ उपकेंद्र के लिए बिजली की आपूर्ति तो बंद कर दी गई लेकिन तार और खंंभे नहीं हटाए गए।
बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद चोरों ने तार काटना शुरू कर दिया। अब तक सौ से ज्यादा खंभों से हाईटेंशन तार चोर काट ले गए हैं। एक हफ्ते पहले राजगढ़ बाजार के पीछे लगे 15 खंभों के तार चोरी हुए थे। राजगढ़ विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता राकेश सिंह का कहना है कि हाईटेंशन तार और खंभे हटाने की प्रक्रिया लंबी है। उनके आने के पहले से ही तार चोरी हो रहे हैं। मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।