विंध्याचल। मां विंध्यवासिनी के मंदिर में बृहस्पतिवार को भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सड़कों और गलियों से मंदिर तक भक्तों की कतारें लगी रहीं। भोर में शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला रात में मंदिर बंद होने तक चलता रहा।
मां विंध्यवासिनी के दर्शन से पहले गंगा घाटों पर स्नान के लिए लोगों का तांता लगा रहा। यहां से विंध्य धाम पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाकर सुख समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में विराजमान बटुक भैरव के साथ ही मां काली, मां सरस्वती, मां दुर्गा, मां लक्ष्मी आदि के मंदिर में भी हाजिरी लगाई। भक्तों ने अष्टभुजा पहाड़ पर विराजमान महाकाली माता, अष्टभुजी देवी, माता तारा देवी धाम में जाकर दर्शन पूजन किया। इस दौरान अष्टभुजा पहाड़ पर त्रिकोण पथ भी श्रद्धालुओं से गुलजार रहा।