मिर्जापुर। बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए सीएम ने विभाग संग आला अधिकारियों से सुधार लाने के लिए कहा है।
सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, समस्त मंडलायुक्त व जिलाधिकारियों के साथ वार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शाम छह बजे से सुबह सात बजे तक अनवरत विद्युतापूर्ति की जाए। साथ ही विद्युत आपूर्ति, लाइन लास, ट्रांसफार्मर को समय से बदलना, बिजली बिल की गड़बड़ियों एवं वसूली की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि लाइन लास एवं विद्युत चोरी को रोकने के लिए कारगर उपाय किए जाएं। संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए। मंडलीय व जनपदीय अधिकारियों को लखनऊ न बुलाया जाए। यदि विशेष आवश्यकता हो तो उनसे वीडियो कांफ्रेंसिंग के द्वारा बात की जाए। मुख्यमंत्री ने बिजली से संबंधित शिकायतों के मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कहा कि आपूर्ति में सुधारा किया जाए। जले ट्रासंफर्मर को पूर्व की भांति समय से बदला जाए, बिजली विभाग एवं विजिलेंस टीम के द्वारा जाँच के नाम पर छोटे उपभोक्ताओं को परेशान न किया जाए तथा बिजली चोरी रोकने के कारगर उपाय किए जाएं। उन्होंने कहा कि बिलिंग व्यवस्था में सुधार लाया जाए। यदि बिलिंग व्यवस्था में सुधार नहीं आता है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्यवाही की जाए। कहा कि कोयले की आपूर्ति की कुछ कमी के चलते बिजली आपूर्ति में कमी आई है। परंतु यदि कटौती की जाए तो दिन में की जाए। त्योहारों के दृष्टिगत रात्रि में किसी कीमत पर कटौती न की जाय। किसी भी दशा में बिजली कटौती रात्रि में न हों। कहा कि किसी भी सामान्य उपभोक्ता के यहां बिजली एवं विजिलेंस विभाग द्वारा छापा नहीं मारा जाएगा। ट्रांसफार्मर बदलने की व्यवस्था का नियमावली का शत प्रतिशत अनुपालन किया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग में कार्यरत एजेंसियों की कड़ी समीक्षा की जाए। यदि एग्रीमेंट के अनुसार कार्य नहीं किया जा रहा है तो उनके ऊपर प्राथमिकी दर्ज कराएं।
एनआईसी में सीएम की वीसी में मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र, जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशाषी अभियंता विद्युत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।