मिर्जापुर। मंडलीय अस्पताल के रक्त केंद्र में इस समय एक भी यूनिट रक्त नहीं है। यहां सबसे ज्यादा समस्या निगेटिव ग्रुप के ब्लड की होती है। उसमें भी एबी निगेटिव की रक्त की समस्या सबसे अधिक होती है।
जिले में एबी निगेटिव ग्रुप के दो-तीन डोनर है। जरुरत पड़ने पर इनसे मदद ली जाती है, पर इस ग्रुप का रक्त मिलना मुश्किल होता है। ऐसे में मरीजों को समस्या होती है।
मंडलीय अस्पताल का रक्त केंद्र की क्षमता 300 यूनिट की है। जिले की 15 संस्थाएं रक्त केंद्र में रक्तदान कराती हैं। इसके बाद भी रक्त केंद्र में रक्त उपलब्ध नहीं है।
रक्त की कमी का कारण गर्मी में रक्तदान की कमी होना और डोनर कार्ड पर रक्त दिया जाना है। शनिवार को ब्लड बैंक में ए, बी, एबी और पाॅजिटिव व निगेटिव रक्त उपलब्ध नहीं है।
सिर्फ प्लेटलेट्स में ए पाजिटिव पांच यूनिट, बी पाजिटिव पांच यूनिट, ओ पाजिटिव सात व ओ निगेटिव एक यूनिट बचा है। ब्लड बैंक में निगेटिव ग्रुप के रक्त की कमी तो रहती ही है, पर इस समय तो किसी भी ग्रुप का रक्त नहीं है।
पिछले साल दो हजार यूनिट रक्तदान कराया गया। रक्त केंद्र के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि 25 अप्रैल को एक कैंप कैंसिल हो गया। 27 अप्रैल को राबिन हुड आर्मी का रक्तदान शिविर है। अन्य संस्थाओं से रक्तदान के लिए बात की जा रही है।