कटरा कोतवाली क्षेत्र के गणेशगंज केदार वैद्य की गली में बुधवार को सुबह एक व्यक्ति कमरे में फंदे से लटकते हुए मिला। परिजनों ने फंदे से शव को उतरवाया, तब तक उसकी मौत हो गई थी। कमरे में सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें मृतक ने पत्नी द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्र निवासी हरिशंकर उर्फ राजू सोनी (42) की पत्नी छोड़ कर चली गई थी। एक बार पुलिस ने उसकी पत्नी को गुजरात से पकड़ा था। इसके बाद वह फिर कहीं चली गई। उससे दो पुत्र हैं। मंगलवार की रात राजू सोनी खाना खाकर कमरे में सोने चला गया। बुधवार की सुबह उसका कमरा बंद था। परिजनों ने सुबह राजू के बाहर न आने पर दरवाजे के पास जाकर आवाज लगाई तो दरवाजा नहीं खुला। आशंका होने पर परिजनों ने झरोखे से देखा तो राजू पंखे के हुक पर साड़ी का फंदा बनाकर लटका हुआ था। परिजनों ने दरवाजा खोलकर शव को फंदे से उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला। जिसमें राजू ने पत्नी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। बताया कि पत्नी उसका गहना आदि ले गई थी। अब पांच लाख रुपये मांग रही थी। इसी से परेशान होकर वह आत्महत्या कर रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कटरा कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि आत्महत्या का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारण का पता लग सकेगा।