धौरूपुर रोड पर हुए सड़क हादसे के बाद रोते बिलखते मृतक के परिवारीजन ।
देहात कोतवाली क्षेत्र के धौरपुर गांव में गुरुवार की सुबह पांच बजे ट्रैक्टर से कुचल कर एक हलवाई की मौत हो गई। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने मिर्जापुर वाराणसी मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर शांत कराया। पुलिस ने अवैध बोल्डर लोड कर जा रहे दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर समेत छह ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर चालक समेत अन्य खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
धौरपुर गांव निवासी सुदर्शन (45) घर पर खाने पीने के सामानों की दुकान खोला था। प्रतिदिन की भांति गुरुवार की सुबह पांच बजे वह अपने दरवाजे पर दुकान लगा रहा था। इसी दौरान पड़री से अवैध बोल्डर लोड कर जा रहे ट्रैक्टर ने सुदर्शन को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल हलवाई काफी देर तक वहीं तड़पता रहा। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने 108 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस बुलाया लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंचा। एंबुलेंस न आने पर गांव के लोग घायल को किसी तरह अपने बाइक पर लाद कर जिला चिकित्सालय ले गए। वहां उपचार के दौरान अधेड़ ने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण नाराज हो गए और मिर्जापुर वाराणसी मार्ग को गांव के पास जाम कर दिया। करीब एक घंटे सड़क जाम होने की सूचना मिलते ही पहुंची देहात केातवाली पुलिस ने लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि खनन माफिया हाई कोर्ट के रोक के बावजूद पहाड़ों से धड़ल्ले से खनन करते हुए ट्रैक्टर व ट्रक पर बोल्डर तथा पटिया लोड कर जा रहे हैं।