कोलना स्थित आदर्श जनता पीजी कालेज परिसर में शुक्रवार को बालिकाओं-महिलाओं में कुपोषण की समस्या और निदान विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया।
गरीबी को कुपोषण का मुख्य कारण बताते हुए मुख्य अतिथि अग्रसेन पीजी कालेज वाराणसी के गृह विज्ञान की विभागाध्यक्ष डा. अनिता सिंह ने कहा कि कुपोषण के रोकथाम के लिए पोषक तत्वों को संतुलित मात्रा में ग्रहण करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डा. अनिता सिंह ने कहा कि भोजन में प्रोटीन, वसा, खनिज, लवण आदि पोषक तत्वों की कमी से बच्चों व महिलाओं में वृद्घि विकास, त्वचा का पीला पड़ना, चिड़चिड़ापन, नींद नहीं आना आदaि कुपोषण के कारण बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को गर्भावस्था में सामान्य महिलाओं की अपेक्षा दोगुना भोजन करना चाहिए तथा रोजाना एक नीबू व गुड़ का सेवन करने से कुपोषण से बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अंकुरित चना, फल व हरी सब्जियों का सेवन आवश्यक है। महाविद्यालय के प्रबंधक दिलीप सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
इसके पूर्व मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक दिलीप सिंह एवं संचालन कालेज की डायरेक्टर डा. रेनू बाला सिंह ने किया।इस दौरान डा. उमेश चंद्र सिंह, डा. शकुंतला सिंह, डा. बबिता सिंह, डा. श्वेता सिंह व श्रीकांत सिंह सहित महाविद्यालय की तमाम छात्राएं व स्टाफ उपस्थित रहे।