जिगना। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती से बुधवार की देर रात मिलने आए प्रेमी और उसके दो साथियों पर पड़ोस गांव के युवक ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों घायलों को सीएचसी ले गई। वहां से उनको मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर तीनों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना पर देर रात को एएसपी नक्सल और सीओ लालगंज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपित युवक पर मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पड़री थाना क्षेत्र के दुल्लहपुर आमघाट निवासी जितेंद्र कुमार (21) गांव निवासी अपने साथी मनीष (18) व बालिचंद (23) के साथ एक बाइक से बुधवार की रात जिगना थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा। लेकिन पड़ोस गांव के युवक सुमित पांडेय को इस बात की जानकारी हो गई। चर्चा है कि युवती की चचेरी बहन से सुमित का संबंध है। तीनों युवक लड़की से मिलने के बाद गांव के पुल के पास बाइक रुके थे। जितेंद्र और मनीष शौच के लिए चले गए। बाइक के पास बलिचंद अकेले खड़ा था। इसी बीच सुमित पांडेय वहां पहुंचा और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिए। बलिचंद का शोर सुनकर दोनों साथी आए तो सुमित ने उनपर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव घटना स्थल पर पहुंचे। घायलों को सीएचसी ले गए। एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि व क्षेत्राधिकारी लालगंज उमाशंकर भी मौके पर पहुंचे। घायल जितेंद्र के भाई रामसनेही की तहरीर पर सुमित पांडेय के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
इस बाबत एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि ने कहा कि युवती से मिलने आए युवक और उसके दो साथियों पर लड़की के पड़ोस के गांव के युवक ने चाकू से हमला किया है। मुकदमा दर्ज कर आरोपित को हिरासत में लिया गया है।