मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करने पहुंचे उन्नाव से भाजपा विधायक अनिल सिंह ने मंदिर परिसर में सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एक दरोगा पर परिवार के साथ बदसलूकी व हाथापाई करने का आरोप लगाया है। विधायक ने दरोगा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए मुद्दा विधानसभा में उठाने की बात कही है।
विधायक ने बताया कि परिजनों के साथ दोपहर में करीब एक बजे अपने वाहन से न्यू वीआईपी मार्ग से विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां ड्यूटी पर तैनात दरोगा ने उनके पिता व वाहन चालक से बदसलूकी व हाथापाई की। उन्होंने कहा कि अगर वाहनों का मंदिर के निकट प्रवेश वर्जित है तो गाड़ी का चालान कर देते। नियमानुसार आर्थिक दंड का निर्धारण कर देते, परंतु गुंडागर्दी करना कत्तई उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मसले को वे विधानसभा में उठाएंगे। उन्होंने बताया कि इस बारे में नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह से फोन पर बात कर शिकायत भी की है। पुलिस के उच्चाधिकारियों से भी दरोगा की शिकायत कर उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने भी उन्हें बताया है कि दारोगा तमाम श्रद्धालुओं के अलावा दुकानदारों से आये दिन दुर्व्यवहार करता रहता है। उधर, इस मामले की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी नीरज पाठक नाराज विधायक के पास पहुंचकर उन्हें मनाने में जुटे रहे।