प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान, स्टांप एवं पंजीयन मंत्री रविंद्र जायसवाल तथा राजस्व विभाग के मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि ने शनिवार को जिले का तूफानी दौरा कर विकास कार्यों की मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। मंत्री समूह ने मड़िहान के ककदर में चौपाल लगाई और मंडलायुक्त सभागार व अष्टभुजा डाक बंगले में अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने महुवरिया के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में गरीब कल्याण योजना के लाभार्थियों व भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रदेश सरकार की नीतियों की जानकारी दी।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल व अनूप प्रधान वाल्मीकि ने विकास खंड पटेहरा कला के ककरद में कंपोजिट विद्यालय, स्मार्ट क्लासेस, डाइनिंग हाल, कंप्यूटर कक्ष, पटेहरा कला में नव निर्मित आईटीआई कॉलेज, वृहद गो आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद ककरद में चौपाल लगा कर सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं में हुई प्रगति की जानकारी ली। ककरद के इंग्लिश मीडियम कंपोजिट विद्यालय के स्मार्ट क्लासेस के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विद्यालय के अध्यापक सुमांशू से स्वयं छात्र बन कर सभी विषयों पर प्रोजेक्टर के माध्यम से पर्दे पर पढ़ाई की और हस्ताक्षर भी बनाया। चलते-चलते अध्यापक संग जिलाधिकारी व प्रधान की सराहना की। मंत्री समूह को जब जिलाधिकारी ने बताया कि इस विद्यालय के विकास की व्यवस्था ग्राम पंचायत ने स्वयं की तो उन लोगों ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की।
चौपाल में मंत्री समूह अपने निर्धारित कार्यक्रम से दो घंटे देर में पहुंचा। जहां ग्रामवासी चिलचिलाती धूप में इंतजार कर रहे थे। मंत्रियों ने यहां आवास, वृद्धा व विधवा पेंशन, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड के साथ गरीब कल्याण योजना की सभी जानकारी ग्रामीणों से हाथ उठवा कर ली। साथ ही सभी योजनाएं पात्रों तक पहुंचने के बारे में भी जानकारी ली। मंत्री समूह ने प्रधान पवन कुमार से समस्याएं पूछी तो प्रधान ककरद पवन कुमार ने सिंचाई के लिए सिरसी बांध से लिफ्ट द्वारा पानी टेल तक पहुंचाने की मांग की। जिसके लिए मंत्री ने डीएम को सर्वेक्षण की जिम्मेदारी सौंपते हुए कार्ययोजना शासन से स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया। मल्टीपरपज हाल के लिए बगल में बैठे विधायक रमाशंकर सिंह पटेल से उसे बनवाने के लिए कहा। इसके साथ ही मंत्री ने पटेहरा के नवनिर्मित आईटीआई कॉलेज का निरीक्षण कर डीएम को इसी सत्र में चालू कराने का निर्देश दिया। डीएम ने बताया कि 20 दिन में विद्युत संबंधी कार्य पूरे हो जाने पर भवन हस्तांतरण योग्य हो जाएगा। संस्तुति के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।