मिर्जापुर। किसानों की आय दोगुनी हो इसके लिए कृषि विभाग की ओर से विंध्याचल मंडल में 714 स्थानों पर किसान पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। 12 दिसंबर से 29 दिसंबर तक दोपहर बाद दो बजे से पांच बजे तक कृषि विशेषज्ञ रबी फसलों पर ससामयिक चर्चा करते हुए बीज सोधन, भूमि शोधन तथा फसलों में लगने वाले विभिन्न प्रकार के कीट रोग, उनकी पहचान व निदान के बारे में जानकारी प्रदान करेंगे।
संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. अशोक उपाध्याय ने बताया मिर्जापुर में 287, सोनभद्र में 227 व भदोही में 200 स्थानों पर किसान पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। संयुक्त कृषि निदेशक ने बताया कि किसान पाठशाला प्राथमिक विद्यालय अथवा साधन सहकारी समितियों पर दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि राज्यस्तर पर एनआईसी में मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसमेें लखनऊ से अपर कृषि निदेशक प्रसार डॉ. आरके सिंह, प्राकृतिक खेती पर डॉ. सीपी श्रीवास्तव तथा कृषि रक्षा पर अपर कृषि निदेशक कृषि रक्षा टीएन त्रिपाठी ने विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।