लालगंज थाना क्षेत्र के दुबार चौकी अंतर्गत दुबार खैरा रोड पर उसका गांव स्थित बाबा तालाब के पास बाइक सवार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। उधर घर पर छोटे भाई की बरात जाने की तैयारी हो रही थी, इस बीच मौत की सूचना से विवाह की तैयारी मातम में बदल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के उसका गांव निवासी मनोज कुमार गौड़ (28) चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। सोमवार को उनसे छोटे राजकुमार की बरात जानी थी। राजकुमार की शादी जिगना थाना क्षेत्र के कुकरेती रामपुर घाट गांव में तय थी। सोमवार को घर पर रिश्तेदार और परिवार के लोग इकट्ठा थे। सभी बरात जाने की तैयारी कर रहे थे। दोपहर में ढाई बजे के करीब मनोज कुमार किसी काम से खैरा की तरफ जा रहे थे। रास्ते में दुुबार-खैरा रोड पर स्थित बाबा तालाब के पास बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। जिससे उनकी घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर से बरात जाने की तैयारी मातम बदल गई। अचानक खुशियों का माहौल गम में बदलने से पूरा गांव गमगीन हो गया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष राम नरायन राम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।