मिर्जापुर। जिले के राजकीय इंटर कालेजों को 112 सहायक अध्यापकों की सौगात मिली है। विभिन्न विषयों के इन शिक्षकों के आने से राजकीय इंटर कालेज में रिक्त चल रहे पदों की भरपाई हो सकेगी। साथ ही शिक्षण व्यवस्था में सुधार होगा। इन दिनों इन शिक्षकों के अभिलेखों का सत्यापन हो रहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह ने बताया कि सोमवार से इन शिक्षकों की काउंसिलिंग कराई जा रही है। अब तक 50 शिक्षकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। इसमें सबसे अधिक अंग्रेजी विषय के 41 तथा सबसे कम संगीत के एक अध्यापक का चयन हुआ है। इसी के साथ ही जीवविज्ञान के लिए 30, संस्कृत के 21 व गणित के लिए नौ शिक्षकों का चयन किया गया है। इसी क्रम में उर्दू के छह तथा वाणिज्य व शारीरिक शिक्षा के दो- दो सहायक अध्यापक जिले को मिले हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह ने कहा कि इन विषयों के पहले से ही बड़ी संख्या में पद रिक्त चल रहे थे। इन शिक्षकों के आ जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई एक बार फिर से पटरी पर आ जाएगी।