नरायनपुर विकास खंड के बैकुंठपुर-गंगा घाट मार्ग पर नाबदान का गंदा पानी बहने से नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। सड़क पर उतर आए। गंगा घाट मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की।
जल निकासी व पक्की नाली के अभाव में नाबदान के गंदे पानी को लेकर आए दिन लोगों में विवाद होता रहा है। मार्ग पर गंदा पानी बहने से आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि बारिश के मौसम से पूर्व जल निकासी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू करेंगे। ग्रामीण विजय प्रजापति का कहना था कि बार-बार शिकायत के बाद भी जल निकासी की समस्या का निराकरण आज तक नहीं हो पाया है। नाबदान के गंदा पानी को लेकर आए दिन विवाद होता है। प्रदर्शन करने वालों में सुरेश सोनकर, बाबाराम, राजकुमार मिश्रा, मल्लू सेठ, महेश सोनकर, धीरज विश्वकर्मा, रमेश पटेल, लालू गुप्ता, अनिल सोनकर, सत्यम विश्वकर्मा आदि शामिल रहे।