अहरौरा। सोनभद्र में ट्रक हादसे में अहरौरा निवासी युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। नगर क्षेत्र के पोखरा सहुवाइन निवासी विकास ट्रक पर खलासी था। बुधवार की रात सोनभद्र के अनपरा स्थित कोल माइंस से कोयला लोड कर वाराणसी की ओर जा रहा ट्रक अनपरा थाना क्षेत्र के औढ़ी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ट्रक से टकरा गया। हादसे में विकास पटेल उर्फ सोनू (19) सहित ट्रक का चालक राजकुमार (35) गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को लोढ़ी स्थित अस्पताल पहुंचाया। जहां खलासी विकास की मौत हो गई। घटना की सूचना विकास के पिता बैजनाथ को मिली, वे घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर थे। पिता ट्रक चालक हैं। वे े मौके पर पहुंचे और शव को लेकर अहरौरा स्थित घर चले गए। अहरौरा पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। दूसरे जनपद के थाना क्षेत्र में हादसा होने की बात करते हुए पुलिस ने विकास के शव सहित परिजनों को अनपरा थाना भेज दिया। वहीं इस हादसे में घायल ट्रक चालक राजकुमार (35 ) खलासी विकास का चचेरा भाई है। जो जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। उसे इलाज के लिए वाराणसी भेज दिया गया है।