मिर्जापुर। राजगढ़ पुलिस चौकी अंतर्गत चौखड़ा गांव में शनिवार की सुबह जंगल से भटककर एक चिंकारा प्रजाति का शावक गांव की बस्ती में पहुंच गया। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग टीम ने चिंकारा प्रजाति के शावक को वन रेंज सुकृत ले कर चली गई।
चौखड़ा गांव की बस्ती में शनिवार की सुबह पांच बजे जंगल से भटककर एक चिंकारा का शावक पहुंच गया। जिसे देखते ही कुत्ते ने दौड़ा लिया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे घेरा बनाकर पकड़ा। शावक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे वन दरोगा राजेश कुमार सुमन, स्वयंवर प्रसाद, राम सिंगार तिवारी तथा वनरक्षक नित्यानंद सिंह, संतोष, लल्लन गुप्ता, दशरथ ने शावक को वन रेंज सुकृत पहुंचाया। बताया कि चिंकारा का शावक घायल है। तीन दिन उपचार के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।