मिर्जापुर। लापरवाही के मामले में मड़िहान थाना क्षेत्र के दीपनगर स्थित झोलाछाप के क्लीनिक को सीएमओ कार्यालय से गई टीम ने सीज कर दिया। नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। संतोष जनक जवाब न मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
दीपनगर निवासी रंजना देवी प्रसव को 24 सितंबर 2021 को दीपनगर कलवारी मार्ग पर स्थित विंध्यवासिनी क्लीनिक पर ले जाया गया। वहां पर झोलाछाप कमलेश कुमार मौर्या ने उसे दवा दी और इंजेक्शन लगाया। रंजना का आरोप है कि इंजेक्शन लगने से उसकी तबीयत और बिगड़ गई। वह महिला अस्पताल पहुंची। बताया गया कि पेट में ही बच्चे की मौत हो चुकी है। किसी तरह उसकी जान बची। रंजना देवी ने मानवाधिकार आयोग और अन्य संस्थाओं से इसकी शिकायत की। सीएमओ कार्यालय को जांच के लिए निर्देश मिला। सीएमओ डॉ. राजीप सिंघल ने डॉ. वीके पंकज व डॉ. गुलाब वर्मा लिपिक गणेश यादव की टीम गठित कर कार्रवाई के लिए भेजा। टीम ने मौके पर जाकर जांच की। बिना डिग्री के चल रहे क्लीनिक को टीम ने सीज कर दिया और नोटिस दिया। डॉ. वीके पंकज ने बताया कि जांच कर आगे मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।