मिर्जापुर। जिले में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती थम नहीं रही है। मंडल मुख्यालय होने के कारण नगर को 24 घंटे बिजली देने की व्यवस्था की गई है, लेकिन 18 घंटे ही मिल रही है। नगर में चौबीस घंटे में चार से पांच बार कटौती हो रही है। शाम के समय ट्रिपिंग होती है। इसी तरह, ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे की जगह 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल रही है। हलिया के सोनगढ़ा में चार दिन से बिजली गुुल है। सोमवार को जब नागरिकों ने शिकायत की और बिजली कर्मचारियों ने जांच की तो पता चला कि ट्रांसफार्मर फुंक गया है। उसे बदला जाएगा।
नगर में रविवार की रात तीन बार ट्रिपिंग हुई। सोमवार की सुबह भी नौ बजे से 10 बजे तक बिजली कटी रही। इसके बाद दिन में भी एक घंटे की कटौती हुई। नगर के वासलीगंज, रामबाग, घंटाघर सहित अन्य मोहल्लों में कटौती होती रही है। जिगना: विद्युत आपूर्ति में मनमानी कटौती हो रही है। क्षेत्र के राजकुमारी का पुरा, बागजोरावर खैरा, बसंतपट्टी, गोगांव, जासा बघौरा, विजयपुर, नौगांव, धौरहरा, गोसीपुर, गोनौरा, डंगहर सहित कई गांवों में लटकते तारों से जुगाड़ से काम चल रहा है। जर्जर तारों के चलते आए दिन बिजली गायब रहती है। लालगंज : क्षेत्र में बरसात के मौसम के चलते विद्युत कटौती दिन और रात दोनों समय बिना रोस्टर के जारी है। इसमें लहंगपुर, लालगंज पतार कला उपकेंद्र शामिल है। खेती-बाड़ी के मौसम में कठवार, दुबार, लहंगपुर के किसान धान की रोपाई दिन में नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि बिजली नहीं है। इससे उनकी मशीन नहीं चल पा रही हैं। मड़िहान : तहसील क्षेत्र में विद्युत उपकेंद्रों से अघोषित बिजली कटौती किसानों की रोपाई के लिए रोड़ा बनती जा रही है। ग्रामीण अंचल में किसानों के लिए 18 घंटे आपूर्ति का प्रावधान है लेकिन आए दिन फाॅल्ट तथा शट डाउन के कारण 12 से 14 घंटे आपूर्ति की जाती है।
हलिया : थाना क्षेत्र के सोनगढ़ा गांव में 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जलने के कारण गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। लगभग पांच हजार की आबादी में 150 घरों के लोग पेयजल के लिए भटक रहे हैं। शंकर लाल, मोती लाल संतोष कुमार आदि का कहना है कि कई दिनों से गांव में बिजली नहीं है। सोमवार को लाइनमैन बनाने गया तब पता चला कि ट्रांसफाॅर्मर जल गया है। अवर अभियंता विद्युत किशनलाल शर्मा का कहना है कि ट्रांसफाॅर्मर जला है। जल्द बनवाया जाएगा। जमुई : क्षेत्र में दिन और रात बिना रोस्टिंग के बिजली कटौती जारी है। ग्रामीण अंचलों में बरेवां, भरेहठा सझौली व कैलहट सहित अन्य गांवों में इससे नाराजगी है। कछवां : क्षेत्र के बजहां गांव और रामापुर गांव में सोमवार को बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बजहां गांव में पन्ना उपाध्याय के घर के पास एबीसी केबल में आग लगने की सूचना मिलने पर मंगरहा फीडर को बंद कर दिया गया है। रामापुर गांव में 11 केवी के एचटी तार पर पेड़ की डाली गिरने से महामलपुर फीडर ब्रेकडाउन हो गया। इससे गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। चुनार : इस समय दिन भर में तीन चार बार कटौती तकनीकी खराबी के चलते हो रही है। इससे पालिका क्षेत्र में ऊंचाई वाले मुहल्ले सराय टेकौर, लोहिया नगर, दुमदुमा में जरूरत के अनुसार पानी नहीं मिल पा रहा है। अधिशासी अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि बरसात के कारण पेड़ों की डालियां गिर जाने से समस्या हो रही है। आपूर्ति सामान्य है।