लालगंज। नोएडा में सड़क हादसे में युवक की मौत होने के बाद रविवार को शव लालगंज थाना क्षेत्र के राजापुर गांव पहुंचा। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
राजापुर गांव निवासी 22 वर्षीय योगेश कुमार बिंद नोएडा के सेक्टर 55 में किराए के मकान में रहकर एक फाइनेंस कंपनी में काम करते थे। बीते 11 अगस्त की रात वे ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। उस दौरान बारिश होने के कारण उनकी बाइक फिसल गई और डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर परिजन भी पहुंचे थे। बीते 16 अगस्त की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद रविवार की सुबह एंबुलेंस से शव घर लाया गया। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। योगेश माता-पिता की इकलौते पुत्र थे।