संवाद न्यूज एजेंसी! जिगना। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी प्रेमिका से बुधवार की देर रात मिलने आए युवक व उसके दो साथियों पर चाकू से हमला करने के आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया। चाकू के हमले से घायल तीनों की हालत में सुधार आया है। पुलिस घटना के बाद बृहस्पतिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
पड़री थाना क्षेत्र के दुल्लहपुर आमघाट निवासी 21 वर्षीय जितेंद्र कुमार पुत्र मेवालाल गांव निवासी अपने साथी 18 वर्षीय मनीष पुत्र बुल्लर व 23 वर्षीय बालिचंद पुत्र पन्ना लाल के साथ एक बाइक से बुधवार की रात साढ़े 12 बजे जिगना थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने आए थे। जिगना के जिस गांव में लड़की से मिलने आए थे, उस गांव के पड़ोस गांव के मनबढ़ युवक सुमित पांडेय पुत्र रामजी पांडेय को इस बात की जानकारी हो गई।
उसने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर तीनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले गई। तीनों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था। जितेंद्र के भाई रामसनेही की तहरीर पर पुलिस ने जिगना थाना क्षेत्र के दुबहा गांव निवासी सुमित पांडेय पर जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।