यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रेलवे की लगातार हो रही निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन समेत प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रेलवे लगातार पानी की गुणवत्ता की जांच कर रहा है। एक महीने में मंडल के विभिन्न स्टेशनों और रेलवे परिसरों से लिए गए 3735 पानी के नमूनों की जांच की गई। इनमें 3447 अवशिष्ट क्लोरीन, 280 बैक्टीरियोलॉजिकल और आठ केमिकल जांच के नमूने शामिल हैं।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि स्टेशनों पर पेयजल नलों, वाटर कूलरों, पानी टंकियों और अन्य स्रोतों की नियमित जांच की जा रही है। पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पानी टंकियों की निर्धारित समय पर सफाई, पेयजल स्थलों के आसपास स्वच्छता और जलापूर्ति व्यवस्था के रखरखाव पर भी ध्यान दिया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना मंडल की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। इसके लिए नियमित जांच और सतत निगरानी की प्रभावी व्यवस्था की गई है।