कम मुआवजे पर उपजाऊ जमीन अधिग्रहण का आरोप, अस्थायी टोल हटाने की भी उठी मांग
अहरौरा। फरहदा गांव में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन की बैठक हुई। इसमें किसानों ने प्रयागराज से सोनभद्र तक प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण का विरोध किया। प्रदेश महासचिव प्रह्लाद सिंह ने कहा कि किसानों की उपजाऊ भूमि कम मुआवजे पर अधिग्रहीत की जा रही है। इसे जनहित के विपरीत बताते हुए संगठन ने विरोध जारी रखने की बात कही।
किसानों ने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बनस्थली कॉलेज के पास बने अस्थायी टोल प्लाजा को हटाने की मांग की। गेहूं के समर्थन मूल्य में महज 25 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी पर भी किसानों ने नाराजगी जताई। बैठक में जोगवा रजबाहा के क्षतिग्रस्त कुलावे और हुसैनपुर बियर से पौनी बैरियर तक भागवत ब्रांच नहर की क्षतिग्रस्त पटरी को दुरुस्त कराने की मांग उठी। नारायणपुर से अहरौरा तक सपाट हो चुके ब्रेकरों को भी ठीक कराने को कहा गया।
अहरौरा डोंगिया बांध समिति ने गड़ई प्रणाली और मेन कैनाल की सभी नहरों का संचालन तीन अक्तूबर से शुरू करने और टेल तक पानी पहुंचाने के लिए नहरों की सफाई और मरम्मत कराने की मांग की। बैठक में सिद्धनाथ सिंह, पंचम सिंह, भोलेनाथ गिरि, जयसिंह, नंदलाल पांचाल, संतोष कुमार सिंह और हौसला प्रसाद आदि मौजूद रहे।